बरौंदा-उरकुरा मार्ग व पानी को लेकर कालोनी वासियों ने विधायक अनिता शर्मा से की चर्चा
रायपुर
बरौंदा-उरकुरा मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव तथा शुद्ध पानी की आपूर्ति को लेकर रामनिकेतन व मैट्रो ग्रीन के रहवासियों से गुरूवार को धरसींवा विधायक श्रीमती अनिता योगेन्द्र शर्मा रूबरू हुई और उन्होंने कालोनीवासियों की समस्याओं को सुनने के बाद इस दिशा में जल्द ही सकारात्मक कार्रवाई की जायेगी।
इन दोनों ही कालोनी के रहवासियों ने श्रीमती शर्मा का स्वागत किया और नगर निगम के द्वारा यथा शीघ्र पानी आपूर्ति के लिये पाईप लाईन बिछाने सड़क का चौड़ीकरण किए जाने और स्ट्रीट लाईट लगाये जाने की मांग उनके समक्ष रखी। विधायक को इस बात से भी अवगत कराया गया कि इस मार्ग का दोहरीकरण किये जाने का प्रस्ताव पूर्व में स्वीकृत हो चुका है इस पर केवल कार्य प्रारंभ किये जाने की अनुमति प्रदान करना ही शेष रह गया है। इस मार्ग पर यातायात का दबाव दिन पर दिन बढ़ते जा रहा है जिसके चलते आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। सड़क निर्माण के साथ ही दोनों ओर नालियां बनाने का भी सुझाव दिया गया ताकि पानी की निकासी आसानी से हो सके।
विधायक श्रीमती अनिता योगेन्द्र शर्मा ने रहवासियों को ध्यान से सुनने के बाद अपने निज सचिव से इस दिशा में विभागीय मंत्री व अफसरों व नगर निगम से बात कर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। रामनिकेतन सोसायटी के आमंत्रण पर पहुंची श्रीमती शर्मा ने इसके लिये रामनिकेतन तथा मैट्रो ग्रीन से चर्चा के लिये उपस्थित हुए रहवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा अपने क्षेत्र के लोगों से मिलना और उनकी समस्याओं को सुन उसका निराकरण करने के लिये आने तैयार है।

पाठको की राय